

बारां – विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की जयंती बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्या भारती द्वारा संचालित जिले के समस्त आदर्श विद्या मंदिर एवं स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन विद्यालयों में परंपरागत विधि-विधान के साथ विद्यारंभ संस्कार का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया जाएगा।विद्या भारती के जिला मंत्री अशोक योगी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य नन्हे बालकों के जीवन में विद्या, संस्कार एवं संस्कृति के बीज का रोपण करना है। विद्यारंभ संस्कार के अंतर्गत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना, यज्ञ, शोभायात्रा एवं प्रसाद वितरण आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नवप्रवेशित शिशु वाटिका के भैया-बहिन एवं उनके अभिभावक उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे।विद्यारंभ संस्कार के अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशित भैया-बहिनों को गुरुजनों द्वारा शुभ मुहूर्त में ‘ॐ’ एवं ‘श्री गणेशाय नमः’ का अक्षर लेखन कराया जाएगा। साथ ही विद्यारंभ संस्कार के महत्व पर विद्या भारती के पदाधिकारियों द्वारा प्रकाश डाला जाएगा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर ने कहा कि विद्या भारती का लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं है, बल्कि संस्कारित, चरित्रवान एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण करना है। सरस्वती जयंती जैसे पर्व बच्चों में अध्ययन के प्रति रुचि, गुरु के प्रति श्रद्धा एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान को सुदृढ़ करते हैं।















