
छबड़ा । भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कई नेताओं ने मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। इस दौरान छबड़ा निवासी भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश सह-संयोजक शिवम विजयवर्गीय ने आत्मीय भेंट के दौरान नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा उनके नेतृत्व में संगठन और राष्ट्र निर्माण का संकल्प और अधिक सशक्त होकर आगे बढ़ेगा।
भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश सह-संयोजक शिवम विजयवर्गीय के साथ राजस्थान से गए कई कार्यकर्ताओं ने आशा जताई कि संगठनात्मक विस्तार, बूथ स्तर तक सशक्त संरचना और विकासोन्मुख राजनीतिक दृष्टि के साथ भाजपा नई ऊर्जा और गति के साथ आगे बढ़ेगी। इस अवसर पर मौजूद नेताओं ने नितिन नबीन के लंबे राजनीतिक अनुभव और जमीनी कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।
विदित है कि हाल ही में हुए संगठनात्मक चुनावों में नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था, जिसके बाद से उन्हें देशभर से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।
विजयवर्गीय ने दिल्ली प्रवास के दौरान राजस्थान प्रभारी भाजपा महासचिव राधामोहन अग्रवाल, वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व बीकानेर हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक चर्चा की।















